एन आई एन,

पिथौरागढ़। सोमवार को पिथौरागढ़ घाट मार्ग पर चुपकोट बैंड से जमराड़ी वाली सड़क पर डाकुड़ा के पास पहाड़ी से अचानक भारी बोल्डर गिरने से एक कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में कार सवार योग अनुदेशक गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

मिली जानकारी के अनुसार आयुष्मान आरोग्य मंदिर जमराणी में योग अनुदेशक के पद पर तैनात लाल सिंह ड्यूटी पूरी कर सोमवार दोपहर करीब 2 बजे पिथौरागढ़ लौट रहे थे। इसी दौरान चुपकोट बैंड से करीब चार-पांच किलोमीटर आगे डाकुड़ा के पास पहाड़ी से भारी पत्थर उनकी कार पर आ गिरा।

पत्थर लगने से वाहन अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे पलट गई। हादसे में वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। लाल सिंह के कमर, मुंह और बाएं पैर सहित शरीर के कई हिस्सों में चोटें आई हैं। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है।



Share on Facebook Share on WhatsApp