एन आई एन,
पिथौरागढ़। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार 01 जुलाई 2026 को अर्हता तिथि मानते हुए निर्वाचक नामावलियों के विशेष गहन पुनरीक्षण के सफल संचालन के लिए सोमवार को पीएम श्री केएनयू राजकीय इंटर कॉलेज पिथौरागढ़ में द्वितीय चरण का प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी आशीष भटगांई ने की।
प्रशिक्षण में विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र पिथौरागढ़ के मतदान केंद्र संख्या 01 से 60 तक के बीएलओ, बीएलओ सुपरवाइजर, आईटी स्वयंसेवक तथा अतिरिक्त हेल्पिंग हैंड ने प्रतिभाग किया। डीएलएमटी डॉ. दीपेन्द्र सिंह महर ने प्रतिभागियों को गणना प्रपत्रों के वितरण एवं संग्रहण, मतदाता सत्यापन प्रक्रिया तथा बीएलओ एप के माध्यम से किए जाने वाले कार्यों की विस्तृत जानकारी दी। साथ ही निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप पुनरीक्षण कार्य को समयबद्ध, पारदर्शी एवं त्रुटिरहित ढंग से संपादित करने पर जोर दिया गया।
जिलाधिकारी आशीष भटगांई ने कहा कि शुद्ध एवं अद्यतन निर्वाचक नामावली लोकतांत्रिक व्यवस्था की आधारशिला है। उन्होंने सभी कार्मिकों से निर्वाचन संबंधी दायित्वों का निष्पक्षता और जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करने का आह्वान किया। प्रशिक्षण के अंत में बीएलओ की कार्यकुशलता के मूल्यांकन के लिए परीक्षा आयोजित की गई तथा प्रशिक्षण सामग्री वितरित की गई। इस दौरान उप जिलाधिकारी जितेन्द्र वर्मा, बीडीओ विण राजेन्द्र अवस्थी, तहसीलदार विजय गोस्वामी, सहायक नगर आयुक्त राजदेव जायसी और बीईओ मूनाकोट सोनी मेहरा सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।