एन आई एन,
पिथौरागढ़। जल संस्थान के सहायक अभियंता के साथ गाली-गलौज और धमकी के मामले में ठोस कार्रवाई नहीं होने से खिन्न अधिकारी और कर्मचारियों ने एक जून को सामूहिक अवकाश पर जाने का निर्णय लिया है। बैठक में लिए गए इस निर्णय से एक जून को नगर में पेयजल की आपूर्ति बाधित रहने की आशंका खड़ी हो गई है।
संयुक्त मोर्चा ने विभाग की महिला कर्मचारी के खिलाफ की जा रही अभद्र टिप्पणी को फेसबुक पेज से हटाने, संबंधित व्यक्ति द्वारा लिखित माफी मांगने और उसका फेसबुक पेज बंद करवाने के साथ अधिकारी और कर्मचारियों को सुरक्षा देने की मांग की है। अधिकारी कर्मचारी आज तीसरे दिन भी धरने पर बैठे रहे। संयुक्त मोर्चा की संयोजक तनुजा मेहता ने बताया आज राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद और उत्तराखंड डिप्लोमा इंजीनियर्स संघ ने भी आंदोलन को समर्थन दिया है।