एन आई एन,
पिथौरागढ़। जिला मुख्यालय में आज दोपहर बाद भारी ओलावृष्टि हुई। डेढ़ सौ ग्राम से अधिक के ओले काफी तेज गति से गिरे। जिस कारण कई वाहनों के शीशे क्षतिग्रस्त हो गये। किसानों के पॉलीहाउस फट गए।
धूप से बचने के लिए दुकानों के ऊपर लगाई गई तिरपाल आदि भी क्षतिग्रस्त हो गई। भारी ओलावृष्टि से फलों और फसलों को खासा नुकसान हुआ है। 55 वर्षीय जगत सिंह ने बताया कि उन्होंने अपने जीवन काल में इतने बड़े ओले गिरते हुए कभी नहीं देखे। मौसम वैज्ञानिक भी इतने अधिक भार के ओले गिरने से आश्चर्य में है। इसे प्राकृतिक असंतुलन माना जा रहा है। अपराह्न 3:00 बजे बारिश थमने के बाद सांय 6:00 बजे से फिर बारिश शुरू हो गई है। बारिश के चलते तापमान में गिरावट दर्ज हुई है। बारिश के चलते आज नगर में कई स्थानों पर नालियों का पानी सड़कों पर आ गया। जिससे लोगों को आवागमन में खासी दिक्कत झेलनी पड़ी।