द एशियन एकेडमी सीनियर सेकेंडरी स्कूल में उपलब्धियों की स्वर्णिम श्रृंखला निरंतर आगे बढ़ रही है। इसी कड़ी में विद्यालय के नन्हे एवं प्रतिभाशाली छात्र तक्ष कापड़ी ने इंडिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स में स्थान प्राप्त कर विद्यालय, जनपद पिथौरागढ़ तथा उत्तराखंड को एक बार फिर राष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित किया है।
22 दिसंबर 2019 को जन्मे तक्ष कापड़ी ने मात्र 6 वर्ष 4 माह की आयु में अपनी अद्भुत स्मरण शक्ति और बौद्धिक क्षमता का प्रदर्शन करते हुए G-20 देशों एवं उनकी राजधानियों, भारत के 28 राज्यों एवं उनकी राजधानियों, भारत के 15 राष्ट्रपतियों एवं 15 प्रधानमंत्रियों के नाम, आवर्त सारणी के 115 तत्वों, भारतीय मुद्रा के 1 रुपये से 2000 रुपये तक के 9 नोटों पर अंकित चित्रों की पहचान, 2, 3, 4 एवं 5 के पहाड़ों का वाचन तथा 2 से 500 तक की सम संख्याओं की गणना कर अपनी विलक्षण प्रतिभा का परिचय दिया।
तक्ष की इस असाधारण उपलब्धि को मान्यता देते हुए इंडिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स ने उन्हें “IBR Achiever” सम्मान प्रदान किया। इस उपलब्धि की पुष्टि 8 मई 2026 को की गई तथा 19 मई 2026 को प्रमाण-पत्र जारी किया गया।
विद्यालय के संस्थापक चेयरमैन स्वामी डॉ. वीरेंद्रानंद जी महाराज ने तक्ष कापड़ी को शुभाशीष प्रदान करते हुए कहा कि बच्चों की प्रतिभा को यदि सही दिशा, मार्गदर्शन और प्रोत्साहन मिले तो वे छोटी आयु में भी बड़े कीर्तिमान स्थापित कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि द एशियन एकेडमी विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास एवं उनकी प्रतिभाओं को निखारने के लिए निरंतर कार्य कर रही है।
उल्लेखनीय है कि इससे पूर्व विद्यालय के प्रतिभाशाली छात्र चित्रांश पांडे, शौर्य शर्मा, दक्ष ज्याला, दिव्यांश जोशी एवं आदि महर भी इंडिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स में अपना नाम दर्ज कर राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बना चुके हैं। तक्ष कापड़ी की इस उपलब्धि के साथ ही विद्यालय के छह विद्यार्थियों ने इंडिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स में स्थान प्राप्त कर एक अनूठा कीर्तिमान स्थापित किया है।
तक्ष कापड़ी की इस उपलब्धि पर विद्यालय परिवार, अभिभावकों एवं क्षेत्रवासियों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।