हेलीकॉप्टर से पिथौरागढ़ रेफर

 

एन आई एन,

पिथौरागढ़ जिले की धारचूला तहसील के रोंगकांग गांव में शुक्रवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। खेतों में काम करने के दौरान ट्रैक्टर की चपेट में आने से 51 वर्षीय सुरमती देवी गंभीर रूप से घायल हो गईं। हादसे में उनका एक पैर कटकर अलग हो गया।

मिली जानकारी के अनुसार सुरमती देवी खेत में ट्रैक्टर से कार्य कर रही थीं। इसी दौरान अचानक ट्रैक्टर हाथ से फिसल गया और वह उसकी ब्लेड की चपेट में आ गईं। हादसा इतना भयावह था कि उनका पैर कटकर अलग हो गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

परिजन और ग्रामीण तुरंत उन्हें गुंजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देखते हुए उच्च उपचार के लिए रेफर करने की तैयारी शुरू की गई। इस बीच परिजनों ने भाजपा अनुसूचित मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष वीरेंद्र नवियाल को घटना की जानकारी दी।

वीरेंद्र नवियाल ने तत्काल उपजिलाधिकारी धारचूला और उड्डयन विभाग के सचिव संजय टोलिया से संपर्क कर क्षेत्र में हेलीकॉप्टर भेजने की मांग की। हालांकि हेलीकॉप्टर अन्य स्थान पर व्यस्त होने के कारण महिला को पहले एंबुलेंस से धारचूला लाया गया।

देर शाम प्रशासन की मदद से हेलीकॉप्टर के जरिए सुरमती देवी को जिला अस्पताल पिथौरागढ़ पहुंचाया गया। बताया जा रहा है कि बेहतर उपचार के लिए रविवार को उन्हें एम्स ऋषिकेश भेजा जाएगा।



Share on Facebook Share on WhatsApp