एन आई एन,

नैनीताल जिले में ढैला गांव के समीप आज दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि एक वाहन करीब 300 मीटर गहरी खाई में जा गिरा। हादसे में मूल रूप से पिथौरागढ़ जिले के नाचनी क्षेत्र के हुपली गांव निवासी 48 वर्षीय भूपेंद्र सिंह चुफाल, उनकी पत्नी 45 वर्षीय सीमा कैड़ा चुफाल, पुत्र 19 वर्षीय वासु चुफाल, 12 वर्षीय रवि चुफाल तथा 34 वर्षीय चालक अनुज कुमार मिश्रा निवासी आलमनगर लखनऊ की मौके पर ही मौत हो गई।

सूचना मिलते ही नैनीताल की वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मंजूनाथ टीसी दलबल के साथ मौके पर पहुंचे। एसडीआरएफ, पुलिस और स्थानीय लोगों ने राहत एवं बचाव अभियान चलाया। दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।

जानकारी के अनुसार भूपेंद्र सिंह चुफाल का परिवार पिछले करीब 35 वर्षों से गांव से बाहर रह रहा था। भूपेंद्र सिंह लखनऊ में एक निजी कंपनी में कार्यरत थे, जबकि उनकी पत्नी और बच्चे दिल्ली के द्वारिका में रहते थे। बताया गया कि सीमा चुफाल और बच्चे कुछ दिन पहले लखनऊ गए हुए थे, जहां से सभी लोग नैनीताल घूमने निकले थे। इसी दौरान एक मोड़ पर वाहन अनियंत्रित होकर फिरुल में फिसलते हुए गहरी खाई में जा गिरा।

परिजनों के अनुसार भूपेंद्र सिंह कुछ दिन पहले ही चीन दौरे से लौटे थे। उनके पिता का पहले ही निधन हो चुका है। उनकी मां खटीमा में रहती हैं, लेकिन इन दिनों वह अपनी बेटी के घर गई हुई थीं।

एक ही परिवार के चार लोगों की मौत से खटीमा और उनके पैतृक गांव हुपली में शोक की लहर है।



Share on Facebook Share on WhatsApp