एन आई एन,
पिथौरागढ़। जिले के बाराकोट गांव के रहने वाले डॉ. मनोज जोशी को सिंगापुर यूनिवर्सिटी आफ टेक्नोलॉजी एंड डिजाइन में असिस्टेंट प्रोफेसर के पद पर नियुक्त किया गया है। उनकी पत्नी डॉ. लता जोशी भी इसी विश्वविद्यालय में लेक्चरर के रूप में अपनी सेवाएं देंगी। दंपति की इस उपलब्धि से क्षेत्र में खुशी की लहर है। डॉ. जोशी की प्रारंभिक शिक्षा दीक्षा पिथौरागढ़ के बाराकोट गांव में हुई।
इसके बाद उन्होंने गोविंद बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय पंतनगर से मास्टर्स की पढ़ाई पूरी की। भाभा एटॉमिक रिसर्च सेंटर मुंबई में वैज्ञानिक के रूप में कार्य किया। 2014 में उन्होंने इंपीरियल कॉलेज लंदन से पीएचडी की उपाधि ली। पीएचडी पूरी करने के बाद उन्होंने ऑस्ट्रिया के इंसबर्क में विश्व प्रसिद्ध वैज्ञानिक रैनरे ब्लाट के शोध समूह में वरिष्ठ पोस्ट डॉक्टरल शोधकर्ता के रूप में कार्य किया। डॉक्टर जोशी ने क्वांटम कंप्यूटिंग में अपना शोध किया है। उनके शोध कार्य दुनिया के प्रतिष्ठित वैज्ञानिक पुस्तक नेचर और साइंस में भी प्रकाशित हो चुका है। उनके भाई और बहू भी देहरादून में असिस्टेंट प्रोफेसर के पद पर कार्यरत है। तमाम लोगों ने उन्हें शुभकामनाएं दी हैं।