एन आई एन,

पिथौरागढ़। प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी कल पिथौरागढ़ आएंगे। भाजपा जिला अध्यक्ष गिरीश जोशी ने बताया कि वे पूर्वाह्न 11:20 बजे चौकोड़ी पहुंचेंगे, जहां विभिन्न कार्यक्रमों में भाग लेने के बाद अपराह्न सवा एक बजे लक्ष्मण सिंह महर परिसर के हेलीपैड में उतरेंगे। जहां वे कैलाश उत्सव कार्यक्रम में भागीदारी करने के साथ ही विभिन्न योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे। इसके बाद में स्पोर्ट्स स्टेडियम पहुंचकर विभागीय सुविधाओं का अवलोकन करेंगे और खिलाड़ियों को पुरस्कार वितरित करेंगे। अपराह्न 3:45 बजे वे नैनी सैनी एयरपोर्ट पर पहुंचेंगे। 

मुख्यमंत्री के भ्रमण कार्यक्रम को लेकर प्रशासन ने अपनी तैयारी पूरी कर ली है। जिलाधिकारी ने आज विभिन्न विभागों की बैठक ली और अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सुरक्षा व्यवस्था में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी। इधर भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता भी उनके स्वागत में जुटे हैं। भाजपा जिला अध्यक्ष गिरीश जोशी ने सभी कार्यकर्ताओं से मुख्यमंत्री के कार्यक्रम में भागीदारी कर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की है।



Share on Facebook Share on WhatsApp