एन आई एन,
पिथौरागढ़। जिले के मूनाकोट विकासखंड अंतर्गत कुनकटिया गांव में कल आए तेज बारिश और आंधी-तूफान ने भारी नुकसान पहुंचाया। गांव के नन्द राम का आवासीय मकान तूफान की चपेट में आ गया, जिससे मकान की छत पूरी तरह उड़ गई। घटना के बाद घर के अंदर रखा सारा सामान भीगकर खराब हो गया।
स्थिति इतनी गंभीर हो गई कि नन्द राम और उनके परिवार को रात गुजारने के लिए पड़ोसियों के घर में शरण लेनी पड़ी। वहीं, आटा, चावल और दाल सहित खाद्य सामग्री भी भीग जाने के कारण परिवार के सामने खाने का संकट खड़ा हो गया है।
इस मामले में मूनाकोट के पूर्व ज्येष्ठ उप प्रमुख श खीमराज जोशी ने जानकारी देते हुए बताया कि घटना की सूचना संबंधित राजस्व उपनिरीक्षक को दे दी गई है। उन्होंने प्रशासन से पीड़ित परिवार को शीघ्र उचित मुआवजा और राहत सहायता प्रदान करने की मांग की है, ताकि परिवार का भरण-पोषण सुचारू रूप से हो सके।