एन आई एन,

पिथौरागढ़। जिले से एक दुखद घटना सामने आई है। मूनाकोट विकासखंड के बडारी गांव में बिजली लाइन ठीक करते समय ऊर्जा निगम के 55 वर्षीय लाइनमैन सुंदर सिंह सौन पुत्र चंचल सिंह सौन की करंट लगने से मौत हो गई।

बताया जा रहा है कि सुंदर सिंह गांव में खराब बिजली लाइन को सही कर रहे थे और उन्होंने काम के लिए शटडाउन व ब्रेकडाउन दोनों लिया हुआ था। इसी दौरान अचानक लाइन में करंट आ गया, जिससे वह जमीन पर गिर पड़े। गंभीर हालत में उन्हें जिला अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया।

घटना के बाद ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। लोगों का कहना है कि सुंदर सिंह ठेके पर कार्यरत थे और उनके परिवार को तत्काल मुआवजा दिया जाए। पिछले एक सप्ताह में मूनाकोट ब्लॉक में यह दूसरी ऐसी घटना है। इससे पहले सुरमोड़ा क्षेत्र में भी शटडाउन के बावजूद एक लाइनमैन करंट की चपेट में आ गया था।

ऊर्जा निगम के अधिशासी अभियंता नितिन गर्खाल ने बताया कि शटडाउन लेने के बाद भी लाइन में करंट आने के कारणों की जांच की जा रही है। विभाग ने इस मामले में रिपोर्ट तलब की है और उसी के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

मृतक अपने पीछे दो बेटे और एक बेटी को छोड़ गए हैं। बड़ा बेटा चालक है, छोटा बेटा घर पर रहता है और बेटी की शादी हो चुकी है। घटना आज दोपहर करीब 12 बजे की बताई जा रही है। परिजन फिलहाल जिला अस्पताल से शव नहीं उठा रहे हैं और मामले की तत्काल जांच की मांग कर रहे हैं।

विभागीय अधिकारियों के अनुसार, ऐसे मामलों में 80 हजार रुपये की तत्काल सहायता दी जाती है, जबकि 3.20 लाख रुपये की अतिरिक्त सहायता जांच पूरी होने के बाद बीमा कंपनी के माध्यम से दी जाती है।



Share on Facebook Share on WhatsApp