एन आई एन,
झूलाघाट मजिरकांडा विद्युत लाइन में काम कर रहे एक लाइनमैन को आज करंट लग गया। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। कोतवाल ललित मोहन जोशी ने बताया कि 26 वर्षीय लाइनमैन सुरेंद्र सिंह निवासी बनाडा झूलाघाट मजिरकांडा शुक्रवार सुबह 11 बजे विद्युत लाइन में सूरमोड़ा के पास आए फाल्ट को ठीक करने के लिए पोल पर चढ़ा था। इससे पूर्व उसने क्षेत्र में ट्रांसफार्मर बदलने के लिए शटडाउन भी लिया था।
काम करने के दौरान ही अचानक लाइन में करंट आ गया। जिससे वह करंट की चपेट में आ गया ।उसके दोनों हाथ झुलस गए और वह जमीन पर गिर पड़ा। उसके कान ,सिर ,पीठ पर गंभीर चोट आई है। लाइनमैन को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है । इमरजेंसी मेडिकल ऑफिसर डा. अशोक ने बताया कि उसकी हालत स्थिर बनी हुई है। शटडाउन लेने के बाद भी लाइन में करंट कैसे आया इसका पता नहीं लग सका है। ऊर्जा निगम के सहायक अभियंता हरीश बोरा ने बताया लाइन में करंट कैसे आया इसकी जांच की जा रही है, उसके बाद अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।