एन आई एन,
पिथौरागढ़। 17 मई को होने वाली स्नातक स्तरीय पुनः परीक्षा को लेकर आज उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग अध्यक्ष जीएस मर्तोलिया की अध्यक्षता में बैठक हुई। अध्यक्ष ने परीक्षा को निष्पक्ष पारदर्शी और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी तैयारियां समयबद्ध रूप से पूर्ण करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि इस बार परीक्षा के संचालन के लिए नई मानक संचालन प्रक्रिया लागू की गई है, जिसमें आधुनिक तकनीक का उपयोग किया जा रहा है। उन्होंने कहा की परीक्षा से पूर्व सभी जिलों में मॉक ड्रिल आयोजित की जाएगी। जिसमें सेक्टर मजिस्ट्रेट पर्यवेक्षक और अन्य अधिकारी भाग लेंगे। उन्होंने पुलिस विभाग को परीक्षा से एक सप्ताह पूर्व सभी कोचिंग संस्थानों की गतिविधियों पर सतत निगरानी रखने के निर्देश दिए। अभ्यर्थियों से संबंधित धोखाधड़ी के मामलों पर उन्होंने चिंता जताते हुए प्रशासन को ऐसे मामलों पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए। जिला अधिकारी आशीष कुमार भटगाई ने कहा कि प्रशासन सभी आवश्यक व्यवस्थाओं के साथ परीक्षा को सफलतापूर्वक संपन्न करने के लिए प्रतिबद्ध है। बैठक में अपर जिला अधिकारी योगेंद्र सिंह, उप जिलाधिकारी जितेंद्र वर्मा, मुख्य शिक्षा अधिकारी तरुण पंत आदि मौजूद रहे।