एन आई एन,
पिथौरागढ़। में 1 मई से शुरू होने वाली आदि कैलाश और ओम पर्वत दर्शन यात्रा की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। जिलाधिकारी आशीष कुमार भटगाई ने आज बताया कि यात्रा के लिए इनर लाइन परमिट 28 अप्रैल से जारी किए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि इस संबंध में अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दे दिए गए हैं। 1 जून से शुरू होने वाले भारत चीन व्यापार के लिए भी तैयारियां जोरों पर है। उन्होंने कहा कि जल्द ही इस व्यापार में भाग लेने वाले व्यापारियों को परमिट जारी किए जाएंगे। यात्रा की तैयारी को लेकर अपर जिला अधिकारी योगेंद्र सिंह की अगुवाई में गुंजी पहुंची टीम ने व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण किया। अपर जिला अधिकारी ने यात्रियों के ठहरने की क्षमता और अन्य व्यवस्थाएं देखी, साथ ही पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित रखने के निर्देश दिए। उन्होंने चिकित्सा व्यवस्था को भी परखा और आवश्यक जीवन रक्षक दवाइयां, ऑक्सीजन सिलेंडर, प्रशिक्षित चिकित्सा स्टाफ की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश अधिकारियों को दिए। उन्होंने संवेदनशील स्थानों पर विशेष सतर्कता बरतने और आवाजाही पर नियमित निगरानी रखने को कहा, साथ ही संचार व्यवस्था के लिए संचार कंपनियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए।