पिथौरागढ़। एशियन एकेडमी सीनियर सेकेंडरी स्कूल, ऐंचोली में सीबीएसई बोर्ड परीक्षा प्रतिभा सम्मान समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कक्षा 10 के सीबीएसई बोर्ड परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर मेरिट सूची में स्थान प्राप्त करने वाले 55 से अधिक छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर विद्यार्थियों की कड़ी मेहनत, समर्पण और शैक्षणिक उपलब्धियों की सराहना की गई, साथ ही अन्य छात्रों को भी उच्च लक्ष्य निर्धारित कर उन्हें प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य शिक्षा अधिकारी पिथौरागढ़, श्री तरुण पंत मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में रिजर्व इंस्पेक्टर श्री नरेंद्र जखमोला ने शिरकत की। समारोह में अंशिका ओहरा, नितिन जोशी, दिव्यांश बेलवाल, प्रियंवदा जोशी सहित कई प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। इसके अलावा अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों और कलाकारों को भी सम्मानित किया गया, जिनमें बॉक्सर खुशी चंद, यश कपड़ी, शटलर एंजल पुनेरा, गायक मयंक भट्ट व प्रियंशी पांडे शामिल रहे।
विद्यालय की पूर्व छात्रा हिमानी जोशी भी कार्यक्रम में मौजूद रहीं, जो वर्तमान में आईआईटी मद्रास में अध्ययनरत हैं। विद्यालय के चेयरमैन स्वामी डॉ. विरेंद्रानंद ने अपने संबोधन में कहा कि सफलता निरंतर परिश्रम, अनुशासन और सकारात्मक सोच का परिणाम होती है। उन्होंने सभी सम्मानित छात्रों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
कार्यक्रम में विद्यालय के निदेशक डॉ. संध्या, प्रबंधक श्री कमलेश, प्रधानाचार्य श्री एम.एस. बोरा, श्री महेश नेगी, श्रीमती निर्मला कपड़ी सहित अन्य शिक्षकगण उपस्थित रहे। कार्यक्रम का सफल संचालन कु. शिवांगी ने किया।
समारोह में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं, अभिभावक एवं शिक्षक मौजूद रहे, जिससे पूरा आयोजन विद्यालय परिवार के लिए गौरवपूर्ण और यादगार बन गया।
