एन आई एन
पिथौरागढ़। जिले के धारचूला तहसील क्षेत्र में बुधवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। सीनियाखोला सड़क पर एक हुंडई कार UK05 9992 अनियंत्रित होकर करीब 50 मीटर गहरी खाई में जा गिरी।
हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि दो लोग घायल हो गए। मिली जानकारी के अनुसार कार धारचूला से सीनियाखोला की ओर जा रही थी। दुर्घटना में 64 वर्षीय कमल राम पुत्र हरि राम, निवासी नौगांव की मौत हो गई। वहीं 50 वर्षीय नर सिंह निवासी सीनियाखोला और 30 वर्षीय विजेंद्र थापा, निवासी नौगांव घायल हो गए। सूचना मिलते ही धारचूला पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को उपचार के लिए धारचूला अस्पताल भिजवाया गया। घायलों की हालत स्थिर बनी हुई है, धारचूला के कोतवाल हरेंद्र नेगी ने बताया कि कार अनियंत्रित होकर खाई में गिर गई, जिससे यह हादसा हुआ। मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए धारचूला लाया जा रहा है। परिजनों के आने के बाद पंचायतनामा की कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों की जांच में जुटी हुई है।