एन आई एन,
पिथौरागढ़। में अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस तेजी से डिजिटलाइज हो रही है। इसी क्रम में पूरे कुमाऊं मंडल में लगभग 55 करोड़ की लागत से सीसीटीवी का नेटवर्क तैयार किया जाएगा। इसका प्रस्ताव शासन को भेजा गया है। यह जानकारी पुलिस महानिरीक्षक कुमाऊं रिद्धिम अग्रवाल ने गुरुवार को पिथौरागढ़ में एक पत्रकार वार्ता में दी। उन्होंने कहा कि अपराधों के नियंत्रण में सीसीटीवी बेहद महत्वपूर्ण है।
उन्होंने कहा कि पुलिस को आधुनिक तकनीक से जोड़ने के लिए लगातार प्रयास चल रहे हैं। सभी रेंज और थानों में तकनीकी रूप से दक्ष जवान तैनात किए जा रहे हैं। नियमित तौर पर उनकी ट्रेनिंग कराई जा रही है। उन्होंने सीमांत जिले में पुलिस व्यवस्था की सराहना करते हुए कहा कि पिछले दिनों पुलिस ने फर्जी आधार कार्ड बनाने वाले गिरोह का खुलासा किया । इसके चलते यूपी में बड़ी कार्रवाई की गई। उन्होंने कहा कि बॉर्डर एरिया में बेहतर कानून व्यवस्था बनाने के लिए सीमा पर तैनात सुरक्षा बलों के साथ समन्वय बनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पिथौरागढ़ जिले की पुलिस लाइन में वीसी हॉल तैयार हो रहा है इसके बाद विभिन्न मामलों में गवाही देने वाले पुलिस जवानों को बार-बार लंबी दूरियां तय नहीं करनी पड़ेगी। जवान वीसी रूम से ही अपनी गवाही दे सकेंगे इससे समय और संसाधन की बचत होगी। फायर ब्रिगेड विस्तारीकरण के सवाल पर उन्होंने कहा कि जरूरत के हिसाब से इसका विस्तार किया जा रहा है। वार्ता के दौरान पुलिस अधीक्षक अक्षय प्रहलाद कोंडे, पुलिस क्षेत्राधिकारी गोविंद बल्लभ जोशी, पुलिस क्षेत्राधिकारी कुंवर सिंह रावत आदि मौजूद रहे।