एन आई एन
पिथौरागढ़–धारचूला नेशनल हाईवे पर शनिवार शाम करीब 8 बजे जौलजीबी के पास लखनपुर क्षेत्र में अचानक एक विशाल बोल्डर गिरने से अफरा-तफरी मच गई। देखते ही देखते पूरा मार्ग बंद हो गया और दोनों ओर सैकड़ों वाहन लंबी कतारों में फंस गए।
मौके पर मौजूद लोगों के मुताबिक, जिस तेजी से बोल्डर गिरा है और जिस धीमी गति से मलबा हटाने का काम चल रहा है, उससे फिलहाल मार्ग खुलने की उम्मीद बेहद कम नजर आ रही है। यात्रियों में बेचैनी बढ़ती जा रही है, वहीं कई लोग घंटों से वहीं फंसे हुए हैं।
प्रशासन की ओर से JCB मशीन लगाकर रास्ता खोलने का प्रयास लगातार जारी है, लेकिन विशाल बोल्डर और लगातार गिरते मलबे के कारण काम में भारी दिक्कत आ रही है।
हालात ऐसे हैं कि कब रास्ता खुलेगा, कुछ कहा नहीं जा सकता…
फिलहाल पिथौरागढ़ और धारचूला के बीच सफर पूरी तरह थम चुका है।