एन आई एन,

पिथौरागढ़।  नगर से लगे गणकोट ग्राम सभा के सुकोली गांव में आज उस वक्त माहौल पूरी तरह गमगीन हो गया, जब 19 कुमाऊं में तैनात वीर सपूत लांस नायक विकास कुमार का पार्थिव शरीर हेलीकॉप्टर से गांव पहुंचा। अपने लाल को अंतिम बार देखने के लिए पूरा गांव उमड़ पड़ा। हर तरफ “विकास जिंदाबाद”, “विकास अमर रहे” और “भारत माता की जय” के गगनभेदी नारे गूंजते रहे, लेकिन इन नारों के बीच हर आंख नम थी और दिल भारी।

सबसे ज्यादा भावुक कर देने वाला दृश्य उस समय देखने को मिला जब शहीद की 21 वर्षीय पत्नी प्रीति बेसुध हालत में बार-बार यही कहती रही कि “इन्हें अस्पताल ले चलो, ये ठीक हो जाएंगे”। परिजन अब तक उन्हें यही बताते रहे कि विकास बीमार हैं और घर लाए जा रहे हैं। यह मंजर देख वहां मौजूद हर व्यक्ति की आंखें छलक उठीं।

श्रद्धांजलि अर्पित देने के लिए जिलाधिकारी आशीष भटगाईं, पुलिस अधीक्षक अक्षय प्रहलाद कौंडे, उप जिलाधिकारी जितेंद्र वर्मा, जिला सैनिक कल्याण अधिकारी कर्नल करमचंद, मेयर कल्पना देवलाल, तहसीलदार विजय गोस्वामी, सीओ गोविंद बल्लभ जोशी सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी, भूतपूर्व सैनिक संगठन और आसपास के गांवों व नगर के सैकड़ों लोग मौजूद रहे। हर कोई अपने वीर सपूत को अंतिम सलाम देने पहुंचा।

महज 24 साल की उम्र में देश के लिए सर्वोच्च बलिदान देने वाले विकास कुमार अपने पीछे 8 माह का मासूम बेटा, पिता गणेश राम, माता मंजू देवी, भाई नीरज और दो बहनों सहित भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। उनकी माता गांव में भोजन माता के रूप में कार्यरत हैं। आज यह पूरा परिवार ही नहीं, बल्कि पूरा क्षेत्र अपने बेटे को खोने के गम में डूबा हुआ है।

गौरतलब है कि 29 मार्च को सिक्किम में गश्त के दौरान लांस नायक विकास कुमार अपने दो साथियों के साथ हिमस्खलन  की चपेट में आ गए थे। इस हादसे में उनके दोनों साथी सुरक्षित बच निकले, लेकिन विकास कुमार देश की रक्षा करते हुए वीरगति को प्राप्त हो गए।

शहीद का अंतिम संस्कार आज रामेश्वर घाट में पूरे सैन्य सम्मान के साथ किया जाएगा।



Share on Facebook Share on WhatsApp