राज्यपाल ने वीर जवानों और वीर नारियों को किया सम्मानित

 

जोरावर साईकिल रैली को किया फ्लैग आफ

एन आई एन,

पिथौरागढ़। प्रदेश के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह आज पिथौरागढ़ पहुंचे। नैनी सैनी एयरपोर्ट पर जिलाधिकारी आशीष कुमार भटगाई ने उनका स्वागत किया। राज्यपाल को गार्ड आफ आनर दिया गया। इसके पश्चात उन्होंने एयरपोर्ट पर लगे विभिन्न विभागों के स्टॉलों का निरीक्षण किया और स्वरोजगार गतिविधियों की जानकारी ली।

उन्होंने उत्पादों की पैकेजिंग की सराहना करते हुए महिलाओं की आय में हो रही बढ़ोतरी पर खुशी जताई। उन्होंने व्यापक बाजार उपलब्ध कराने के लिए डिजिटल माध्यम का ज्यादा से ज्यादा उपयोग करने का सुझाव दिया। इस अवसर पर राज्यपाल को हस्त निर्मित उत्पाद भेंट किए गए। उन्होंने एयरपोर्ट पर मौजूद बच्चों से संवाद कर उनकी आकांक्षाओं को जाना और लक्ष्य प्राप्ति के लिए कड़ी मेहनत के प्रेरणा दी। उन्होंने सैनिक क्षेत्र में 12 कुमाऊं द्वारा आयोजित मेगा एक्स सर्विस मैन रैली में भाग लिया। उन्होंने कहा कि पूर्व सैनिक देश की धरोहर है। उन्होंने पिथौरागढ़ जिले के नैसर्गिक सौंदर्य और यहां के देवालयों की जमकर सराहना की, साथ ही देहरादून में बन रहे सैनिक धाम के बारे में भी पूर्व सैनिकों को जानकारी दी। कार्यक्रम शुरू होने से पूर्व उन्होंने जोरावर साइकिल रैली का स्वागत किया। बता दें कि यह रैली 14 मार्च को बरेली से निकली थी। इसमें 32 लोग शामिल है, जो धारचूला से लिपुलेख तक साइकिल से पहुंचे और आज वापसी में यह रैली पिथौरागढ़ पहुंची। रैली में 15 साल से लेकर 76 साल तक के लोग शामिल है। रैली का नेतृत्व मेजर अखिल कर रहे हैं। पूर्व सैनिक सम्मेलन में राज्यपाल ने वीर नारियों और युद्ध में घायल जवानों को सम्मानित किया। उन्होंने विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वाले लोगों को भी स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया। कार्यक्रम में सेना के लेफ्टिनेंट जनरल डी जी मिश्रा, लेफ्टिनेंट जनरल अनन्य सेन गुप्ता, बिर्गेडियर गौतम पठानिया और सेना के अधिकारियों के साथ ही डीएम आशीष कुमार भटगाई, पुलिस अधीक्षक अक्षय प्रहलाद कोंडे, अपर जिलाधिकारी योगेंद्र सिंह‌ और जिले के सभी एसडीएम मौजूद रहे। शिविर में पूर्व सैनिकों की तमाम समस्याओं का समाधान किया गया, उन्हें सैनिक कल्याण के माध्यम से चलाई जा रही और सरकार की योजनाओं की जानकारी दी गई। साथ ही शिविर में लगाए गए स्वास्थ्य कैंप में सैकड़ो पूर्व सैनिकों के स्वास्थ्य की जांच कर दवाई वितरित की गई।



Share on Facebook Share on WhatsApp