एन आई एन 


पिथौरागढ़ | जिले के जौलजीबी क्षेत्र में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली एक सनसनीखेज घटना सामने आई है, जहां पड़ोसियों ने मिलकर एक व्यक्ति की हत्या कर शव को जंगल में छिपा दिया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महज 24 घंटे के भीतर मामले का खुलासा कर चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम किमखोला निवासी कुन्दन सिंह रजवार की 22 मार्च की शाम पड़ोस में रहने वाली बसंती देवी, उसके पुत्र रमेश सिंह,  जनक सिंह तथा प्रदीप सिंह ने लोहे की पाइप और लकड़ियों से बेरहमी से मारपीट कर हत्या कर दी। हत्या के बाद आरोपियों ने अगले दिन सुबह शव को घर से उठाकर झिपुखोला गधेरा के जंगल में पत्थरों और मिट्टी से छिपा दिया।
 

23 मार्च को मृतक की पत्नी रेखा देवी की तहरीर पर कोतवाली जौलजीबी में मामला दर्ज किया गया। घटना की गंभीरता को देखते हुए थानाध्यक्ष प्रदीप कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दबिश देकर चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया, जिसके बाद उनकी निशानदेही पर पुलिस ने जंगल से शव बरामद किया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस ने मामले में धाराएं बढ़ाते हुए सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया है।
इस कार्रवाई में थानाध्यक्ष  प्रदीप कुमार व उपनिरीक्षक चन्द्रशेखर जोशी की अहम भूमिका रही।



Share on Facebook Share on WhatsApp