एन आई एन,
पिथौरागढ़। जनपद में घरेलू गैस वितरण व्यवस्था को अधिक पारदर्शी और सुव्यवस्थित बनाने के लिए जिला प्रशासन ने नई व्यवस्था लागू कर दी है। प्रशासन की ओर से जारी नोट में 23 मार्च से गैस सिलेंडर केवल ऑनलाइन बुकिंग के माध्यम से ही उपलब्ध कराया जाएगा। बिना बुकिंग किसी भी उपभोक्ता को गैस सिलेंडर नहीं दिया जाएगा।
जिला प्रशासन ने जानकारी देते हुए बताया कि गैस बुकिंग से संबंधित ऑनलाइन साइट अब सुचारु रूप से कार्य कर रही है। ऐसे में गैस वितरण प्रणाली को बेहतर बनाने के उद्देश्य से 95 प्रतिशत डिजिटल बुकिंग और 90 प्रतिशत डीएसी को अनिवार्य किया गया है।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कल से जिले में गैस वितरण केवल चयनित स्थानों पर ही किया जाएगा। इसके तहत कल पिथौरागढ़ नगर क्षेत्र में शहीद गैस एजेंसी द्वारा कृष्णापुरी क्षेत्र में वितरण किया जाएगा। डीडीहाट में मार्केट क्षेत्र, बेरीनाग में पांखू, हजेती एवं प्रेमनगर तथा धारचूला क्षेत्र में छारछुम, नई बस्ती एवं कालिका में गैस वितरण किया जाएगा।
जिला प्रशासन ने समस्त जनपदवासियों से अपील की है कि गैस प्राप्त करने के लिए गैस एजेंसियों, वितरण केंद्रों या गोदामों पर अनावश्यक रूप से भीड़ न लगाएं। बिना ऑनलाइन बुकिंग गैस प्राप्त करने का प्रयास न करें, क्योंकि वितरण केवल बुकिंग के आधार पर ही किया जाएगा।
साथ ही प्रशासन ने नागरिकों से सहयोग बनाए रखने तथा किसी भी प्रकार की भ्रामक सूचना से बचने के लिए केवल प्रशासन द्वारा जारी आधिकारिक सूचनाओं पर ही विश्वास करने की अपील की है।