एन आई एन,
पिथौरागढ़। कोरोना काल से बंद पड़ा भारत चीन व्यापार उत्तराखंड के लिए लिपूलेख दर्रे से फिर 1 जून से शुरू होगा। केंद्र सरकार से जारी एडवाइजरी के बाद बुधवार को जिलाधिकारी आशीष भट्टगाई ने व्यापार की तैयारी को लेकर अधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक में अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने कहा कि जल्दी ही स्थानीय व्यापारियों की सूची विदेश मंत्रालय को भेजी जाएगी। स्वीकृति के बाद ट्रेड पास जारी होंगे। 2019 से पहले लगभग 265 ट्रेड पास जारी होते थे इस वर्ष 300 पास जारी होने की उम्मीद है। वर्ष 2019 में भारतीय व्यापारियों ने 1.9 करोड रुपए का सामान आयात किया था और 1.25 करोड रुपए का निर्यात हुआ था।
व्यापार के लिए चीन के व्यापारी भारत नहीं आते भारतीय व्यापारी ही चीन जाते हैं। भारत की ओर से इस व्यापार में गुण, मिश्री, सुर्ती, बर्तन, कंबल आदि निर्यात किए जाते हैं, जबकि चीन से चुरू, जैकेट, पशमीना, याक के बाल, बटर आदि भारत में लाया जाता है। जिलाधिकारी ने व्यापार को देखते हुए गुंजी में सभी ज़रूरतें पूरी करने के साथ ही परिवहन विभाग को वाहनों की व्यवस्था करने, स्वास्थ्य विभाग को गुंजी में स्वास्थ्य सेवाएं सुनिश्चित करने, बीआर ओ को सड़क ठीक करने, एसबीआई को करेंसी एक्सचेंज की व्यवस्था करने के निर्देश दिए। बैठक में पुलिस अधीक्षक अक्षय प्रहलाद कोंडे, अपर जिला अधिकारी योगेंद्र सिंह, एसडीएम धारचूला आशीष जोशी, एआरटीओ शिवांश कांडपाल, कुमाऊ मंडल विकास निगम के प्रबंधक उमेश पांडे सहित कई विभागों के अधिकारीमौजूद रहे।