दो बेटों को खो चुके माता-पिता

एन आई एन,

पिथौरागढ़। तवाघाट-घटियाबगढ़ मोटर मार्ग पर मांगती के समीप हुए दर्दनाक हादसे में जेसीबी ऑपरेटर मनीष चुफाल की मौत ने एक बार फिर चुफाल परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है। पहाड़ी से गिरी चट्टान के नीचे दबकर हुई इस घटना ने पूरे क्षेत्र को झकझोर दिया है।

नाचनी तहसील तेजम के हुपुली गांव निवासी 28 वर्षीय मनीष चुफाल पुत्र राजेंद्र सिंह चुफाल, तीन भाइयों में सबसे बड़े थे और परिवार की जिम्मेदारी उनके कंधों पर थी। मेहनतकश मनीष जेसीबी ऑपरेटर के रूप में कार्य कर अपने परिवार का भरण-पोषण कर रहे थे।

परिवार पर यह दूसरा बड़ा वज्रपात है। वर्ष 2013 में मनीष के छोटे भाई रिंकू की घास काटते समय दर्दनाक मौत हो गई थी। अब बड़े बेटे मनीष के असमय चले जाने से माता-पिता पूरी तरह टूट गए हैं। एक ही परिवार के दो जवान बेटों की मौत से गांव में गहरा शोक व्याप्त है।

घटना बुधवार दोपहर की है, जब मांगती के पास सड़क चौड़ीकरण कार्य के दौरान अचानक पहाड़ी से भारी चट्टान गिर गई और पोकलेंड को अपनी चपेट में ले लिया। सूचना मिलते ही पुलिस, राजस्व टीम और स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंचे और रेस्क्यू अभियान चलाया गया। काफी प्रयासों के बाद मनीष को मशीन के नीचे से निकाला गया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। शव को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र धारचूला लाया गया, जहां आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

जिला पंचायत सदस्य दीपू चुफाल सहित कई ग्रामीण धारचूला पहुंचे और शोक संतप्त परिवार को ढांढस बंधाया। पूरे क्षेत्र में इस हादसे को लेकर गमगीन माहौल है।



Share on Facebook Share on WhatsApp