एन आई एन,

पिथौरागढ़। जिला मुख्यालय में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई जब भूकंप जैसे हालात में जिला अस्पताल का एक हिस्सा अचानक ध्वस्त हो गया। मलबे में दबकर 20 लोग घायल हो गए, जबकि 3 लोगों की मौत की खबर ने पूरे इलाके को दहला दिया।

घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन और आपदा प्रबंधन की टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं। राहत और बचाव कार्य तेजी से शुरू किया गया। टीमों ने मलबे में फंसे घायलों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया। गंभीर स्थिति को देखते हुए 9 घायलों को महिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जबकि 3 लोगों को हेलीकॉप्टर के जरिए रेस्क्यू किया गया।

इस दौरान मौके पर जिलाधिकारी आशीष कुमार भटगाई, पुलिस अधीक्षक अक्षय प्रहलाद कोंडे, मुख्य चिकित्सा अधिकारी एस एस नबियाल, पुलिस क्षेत्राधिकारी गोविंद बल्लभ जोशी सहित एसडीआरएफ की टीम मौजूद रही और पूरे ऑपरेशन की निगरानी करती रही।

दरअसल, यह पूरा घटनाक्रम आपदा प्रबंधन के तहत आयोजित एक मॉक ड्रिल का हिस्सा था, जिसमें भूकंप जैसी आपात स्थिति में राहत और बचाव कार्यों की तैयारियों का अभ्यास किया गया।



Share on Facebook Share on WhatsApp