लच्छू का जन्मदिन मनाने जा रहे थे दोस्त

एन आई एन,

पिथौरागढ़। जिले के बंगापानी क्षेत्र में रविवार करीब 11:30 बजे हुए दर्दनाक सड़क हादसे में मरने वालों की संख्या बढ़कर तीन हो गई है। पिथौरागढ़ से मुनस्यारी की ओर जा रही इनोवा क्रिस्टा वाहन संख्या DL3CCN3785) बंगापानी से आगे उपेरगढ़ा इनवेटा के पास अनियंत्रित होकर करीब 20 मीटर गहरी खाई में गिर गई थी।

हादसे की सूचना मिलते ही चौकी इंचार्ज नीरज चौहान और राजस्व उप निरीक्षक हिमांशु नेगी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस, आपदा प्रबंधन और एसडीआरएफ की टीम ने राहत एवं बचाव अभियान चलाकर घायलों को खाई से बाहर निकाला।

इस दुर्घटना में 30 वर्षीय लक्ष्मण सिंह नेगी पुत्र राम सिंह निवासी धुरतोली, मुनस्यारी हाल निवासी जीआईसी पिथौरागढ़ और 30 वर्षीय अंकित पांडे पुत्र बसंत पांडे निवासी दौला, बिण, पिथौरागढ़ की मौके पर ही मौत हो गई थी। वहीं 25 वर्षीय आयुष पंत पुत्र नरेश पंत निवासी गुप्ता तिराहा, पिथौरागढ़ ने जिला अस्पताल लाते समय जौलजीबी के पास रास्ते में दम तोड़ दिया।

हादसे में देवेंद्र भट्ट निवासी मांगती, धारचूला हाल निवासी गुप्ता तिराहा, पिथौरागढ़ घायल हो गए हैं। उन्हें निजी वाहन से उपचार के लिए जिला अस्पताल पिथौरागढ़ में भर्ती कराया गया है। बताया जा रहा है कि देवेंद्र भट्ट शहर के एक निजी अस्पताल में आईटी विभाग में कार्यरत हैं।

जिला अस्पताल के इमरजेंसी मेडिकल ऑफिसर डॉ. आशु अवस्थी के अनुसार देवेंद्र भट्ट की हालत गंभीर है और उनका सीटी स्कैन कराया जा रहा है। वहीं तीनों मृतकों के शवों को जिला मुख्यालय लाया जा रहा है, जहां पोस्टमार्टम किया जाएगा।

बताया जा रहा है कि आयुष पंत लंदन से एमबीए कर रहे थे और 16 फरवरी को भारत लौटे थे। वहीं लक्ष्मण सिंह नेगी भारतीय सेना में कार्यरत थे, जबकि अंकित पांडे वर्क फ्रॉम होम कर रहे थे।

परिजनों और परिचितों के अनुसार लक्ष्मण सिंह नेगी का जन्मदिन सोमवार को था। जन्मदिन मनाने के लिए चारों दोस्त मुनस्यारी जा रहे थे और मुनस्यारी में केक का ऑर्डर भी दिया गया था, जो रात 12:01 बजे काटा जाना था, लेकिन उससे पहले ही यह दर्दनाक हादसा हो गया।

पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है। दुर्घटना के बाद जिला अस्पताल व पोस्टमार्टम हाउस के पास भारी भीड़ जमा है।



Share on Facebook Share on WhatsApp