एन आई एन,
पिथौरागढ़। जिले में आत्महत्या की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। ताजा मामला जिला मुख्यालय से लगभग 15 किलोमीटर दूर छाना पांडे क्षेत्र के गरुड़ा गांव का है, जहां एक व्यक्ति ने सल्फास खाकर अपनी जान दे दी।
मिली जानकारी के अनुसार गरुड़ा गांव निवासी 48 वर्षीय बसंत पांडे पुत्र पूरन चंद्र पांडे का अपनी पत्नी के साथ किसी बात को लेकर झगड़ा हो गया। बताया जा रहा है कि इसी गुस्से में उन्होंने आज सुबह शिवालय के पास स्थित अपनी परचून की दुकान में सल्फास खा लिया। परिजनों को इसकी जानकारी होने पर उन्हें तुरंत जिला अस्पताल पिथौरागढ़ ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान देर शाम उनकी मौत हो गई।
मृतक के परिवार में पत्नी, एक बेटा, एक बेटी और बूढ़ी मां हैं। बेटा-बेटी पढ़ाई कर रहे हैं। कमाऊ सदस्य के अचानक चले जाने से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
इधर इन दिनों आत्महत्या की घटनाओं में लगातार बढ़ोतरी देखने को मिल रही है। मनोचिकित्सक डॉ. ललित भट्ट का कहना है कि लोगों का धैर्य कम होता जा रहा है और छोटी-छोटी बातों में लोग इस तरह के कदम उठा रहे हैं। उन्होंने लोगों से अपील की है कि कठिन परिस्थितियों में धैर्य बनाए रखें और समस्याओं का समाधान बातचीत से निकालने का प्रयास करें।
प्रभारी निरीक्षक मदन सिंह बिष्ट ने बताया कि मामले की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया की जा रही है।