एन आई एन,
पिथौरागढ़। जिला मुख्यालय से 18 किलोमीटर दूर विकासखंड बिण के पाली गांव में आज एक दुखद घटना में एक तीन वर्षीय बालिका की डूबने से मौत हो गई। मिली जानकारी के अनुसार पाली गांव में कुलदीप चंद की तीन वर्षीय पुत्री हिताक्षी अपनी दादी के साथ घर से लगे एक मैदान में घास काटने गई थी।
इसी दौरान अचानक हिताक्षी गुम हो गई। जानकारी मिलते ही गांव के लोग सभी जगह खोजबीन में लग गए। पास के ही एक तालाब में वह डूबी हुई मिली परिजन उसे जिला अस्पताल लाये, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इमरजेंसी चिकित्सक डॉ. प्रशांत अधिकारी ने बताया कि बालिका के फेफड़ों में पानी भर गया था ,जिससे उसकी मौत हुई। हिताक्षी के पिता भारतीय सेना में कार्यरत है। उनका एक बड़ा बेटा भी है, इस घटना से परिवार में कोहराम मचा है, परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है, घटना के बाद गांव में शोक की लहर छाई हुई है। वरिष्ठ नागरिकों ने कहा है कि छोटे बच्चों को ऐसी जगह पर अकेला नहीं छोड़ना चाहिए।