एन आई एन,

पिथौरागढ़। भारतीय युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव ऋषेन्द्र महर ने जिले में गैस सिलेंडरों की बढ़ती दिक्कतों को लेकर सरकार और प्रशासन से समय रहते ठोस कदम उठाने की अपील की है।

महर ने कहा कि सरकार और प्रशासन को चाहिए कि आम जनता को अफरा-तफरी के माहौल से बचाने के लिए पहले से ही सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि अन्य प्रदेशों में गैस सिलेंडर को लेकर जिस तरह के हंगामे और अव्यवस्था देखने को मिल रही है, उसकी पुनरावृत्ति सीमांत जिले में न हो, इसके लिए प्रशासन को पहले से ही स्पष्ट रोडमैप बनाना चाहिए और लोगों को जागरूक करना चाहिए, ताकि गैस सिलेंडर आम लोगों के लिए चिंता का विषय न बने।

उन्होंने प्रशासन से विशेष रूप से अपील की कि गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी और जमाखोरी को रोकने के लिए अभी से कड़े और ठोस कदम उठाए जाएं, जिससे आम लोगों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

महर ने कहा कि कई स्थानों से यह शिकायत भी सामने आ रही है कि गैस सिलेंडर की बुकिंग में दिक्कतें आ रही हैं और बुकिंग के नंबर बंद मिल रहे हैं। यदि ऐसा है तो प्रशासन को इस मामले में गंभीरता से संज्ञान लेते हुए जल्द व्यवस्था को दुरुस्त करना चाहिए, ताकि आम जनता को अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े। महर ने आम जनमानस से भी अपील की कि वे अफरा-तफरी का माहौल न बनाएं और किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें। यदि कहीं कोई समस्या आती है तो संबंधित अधिकारियों से संपर्क कर समाधान का प्रयास करें। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की परेशानी होने पर लोग उनसे भी संपर्क कर सकते हैं।



Share on Facebook Share on WhatsApp