एन आई एन,
खटीमा। नगर में एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। खटीमा कोतवाली से करीब 50 मीटर की दूरी पर सितारगंज रोड स्थित रिलायंस पेट्रोल पंप के पास ओवरलोड रेत से भरे डंपर ने एक महिला को कुचल दिया। हादसे में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई और उसका एक हाथ बुरी तरह कुचल गया।
जानकारी के अनुसार सोनी नाम की महिला अपने पति शाहिद और पांच वर्षीय बच्ची के साथ घर जा रही थी। इसी दौरान तेज रफ्तार डंपर (यूके 03 CA 2195) की चपेट में आने से यह हादसा हो गया। गनीमत रही कि महिला का पति और बच्ची बाल-बाल बच गए।
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने घायल महिला को तुरंत नागरिक अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका उपचार चल रहा है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और ओवरलोड रेत से भरे डंपर को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि खटीमा नगर में ओवरलोड वाहनों और जाम की समस्या के कारण इस मार्ग पर पहले भी कई दुर्घटनाएं हो चुकी हैं, जिससे लोगों में काफी नाराजगी है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।