एन आई एन,

पिथौरागढ़। 55वीं वाहिनी एसएसबी मुख्यालय सहित समस्त सीमा चौकियों में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर फिट इंडिया कार्निवल का भी आयोजन किया गया, जिसके माध्यम से महिला कर्मियों और उनके परिवारजनों को स्वास्थ्य, फिटनेस और सक्रिय जीवनशैली के प्रति जागरूक किया गया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता कमांडेंट आशीष कुमार ने की। इस दौरान वाहिनी की समर्पित और साहसी महिला कर्मियों को सम्मानित किया गया। कमांडेंट ने अपने संबोधन में कहा कि महिलाएं आज हर क्षेत्र में अपनी मेहनत और क्षमता से देश की प्रगति में महत्वपूर्ण योगदान दे रही हैं। उन्होंने सभी को फिट इंडिया अभियान के तहत नियमित व्यायाम और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश भी दिया।

कार्यक्रम में जिला बाल कल्याण समिति की सदस्य ललिता पंत भी उपस्थित रहीं। उन्होंने महिला सशक्तिकरण, शिक्षा और आत्मनिर्भरता के महत्व पर अपने विचार व्यक्त किए।

इस अवसर पर संदिक्षा परिवार की ओर से सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए गए।  कार्यक्रम में वाहिनी के अधिकारी, जवान, महिला कर्मी और संदीक्षा परिवार के सदस्य बड़ी संख्या में मौजूद रहे।



Share on Facebook Share on WhatsApp