एन आई एन,
पिथौरागढ़। जिला पंचायत सभागार में रविवार को “पर्वत पीयूष” की स्वर्ण जयंती के अवसर पर विद्या, सेवा और समर्पण का स्वर्णिम उत्सव कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री तथा महाराष्ट्र और गोवा के पूर्व राज्यपाल, पद्म भूषण से सम्मानित वरिष्ठ जननेता भगत सिंह कोश्यारी का नागरिक
अभिनंदन भी किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों के स्वागत और दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इसके बाद वंदे मातरम्, वंदना गीत और स्वागत गीत की प्रस्तुतियों से कार्यक्रम का माहौल भक्तिमय और उत्साहपूर्ण हो गया। वंदना गीत मल्लिकार्जुन विद्यालय तथा स्वागत गीत एशियन एकेडमी विद्यालय के विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत किया गया।
कार्यक्रम में माननीय पूर्व न्यायमूर्ति, उच्चतम न्यायालय तथा पूर्व मुख्य न्यायाधीश मेघालय प्रफुल्ल चंद्र पंत मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। मंच पर नंदन सिंह कोश्यारी, अशोक पंत, जिला पंचायत अध्यक्ष जितेंद्र प्रसाद, दर्जा राज्यमंत्री गणेश भंडारी, स्वामी विरेंद्रानंद, हरीश जोशी और जीत सिंह ज्याला सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
इस अवसर पर “पर्वत पीयूष” की स्वर्ण जयंती विशेषांक पुस्तक “आधी सदी का गौरवशाली सफर” का विमोचन भी किया गया। साथ ही समाज के विभिन्न क्षेत्रों में योगदान देने वाले राजेश मोहन उप्रेती, विजय वर्धन उप्रेती, स्वामी विरेंद्रानंद, गणेश भंडारी, श्रीमती दीपिका बोहरा और पूरन जोशी आदी को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भगत सिंह कोश्यारी ने कहा कि समाज को नशे की बढ़ती प्रवृत्ति से बचाना आज की बड़ी चुनौती है। उन्होंने कहा कि हमें अपने बच्चों को स्मैक और अन्य नशों से दूर रखने के लिए जागरूक करना होगा तथा मोबाइल का सही और सकारात्मक उपयोग सिखाना होगा।
उन्होंने कहा कि “पद्म भूषण सम्मान मुझे नहीं बल्कि पूरे उत्तराखंड को मिला है।” उन्होंने समाज में समरसता पर जोर देते हुए कहा कि राज्य तभी गौरवशाली बनेगा जब हर जाति और हर वर्ग के लोग आपस में सहभोज करेंगे और समाज में एकता व भाईचारा बढ़ेगा।
कार्यक्रम के अंत में आयोजकों द्वारा अतिथियों का आभार व्यक्त किया गया। यह आयोजन “पर्वत पीयूष” की प्रवाहमान और गौरवशाली यात्रा को समर्पित रहा, जिसमें बड़ी संख्या में बुद्धिजीवी, सामाजिक कार्यकर्ता और नागरिक मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन कोमल मेहता और ललित शौर्य ने किया। वहां भाजपा जिला अध्यक्ष गिरीश जोशी, पूर्व पालिका अध्यक्ष जगत सिंह खाती, राजेंद्र रावत, इंद्र लुंठी आदि मौजूद रहे। कार्यक्रम के अंत में अंतरराष्ट्रीय बालिका दिवस के अवसर पर समाज में महत्वपूर्ण योगदान देने वाली कई महिलाओं को सम्मानित किया गया।