एन आई एन
बैतड़ी। नेपाल में प्रतिनिधि सभा चुनाव के तहत बैतड़ी जिले की सीट पर मतगणना पूरी हो गई है। भारत के पिथौरागढ़ जिले से सटे इस जिले में शनिवार से मतों की गिनती शुरू हुई थी, जिसके बाद रविवार को अंतिम परिणाम घोषित कर दिए गए।
मुख्य चुनाव अधिकारी एवं प्रमुख जिलाधिकारी तीर्थराज भट्ट के अनुसार जिले में कुल 73,148 मत पड़े थे। मतगणना के शुरुआती रुझानों में नेपाली कम्युनिस्ट पार्टी (एकीकृत मार्क्सवादी–लेनिनवादी) के दामोदर भंडारी और राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी के हरिमोहन भंडारी के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिल रही थी।
हालांकि अंतिम परिणामों में राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी के उम्मीदवार हरिमोहन भंडारी ने बाजी मारते हुए जीत दर्ज की। उन्हें कुल 22,134 मत प्राप्त हुए।
वहीं नेपाली कांग्रेस के चक्र बहादुर चंद को 18,194 मत मिले और वे दूसरे स्थान पर रहे। शुरुआती दौर में दूसरे स्थान पर चल रहे नेकपा (एमाले) के दामोदर भंडारी अंततः तीसरे स्थान पर खिसक गए और उन्हें 17,091 मत मिले।
इसके अलावा नेपाल कम्युनिस्ट पार्टी के परमानंद भट्ट को 6,965 मत तथा राष्ट्रीय प्रजातंत्र पार्टी के उम्मीदवार भूपेंद्र बहादुर चंद (पूर्व प्रधानमंत्री लोकेंद्र बहादुर चंद के पुत्र) को 2,681 मत प्राप्त हुए।
इस तरह बैतड़ी प्रतिनिधि सभा सीट से राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी के हरिमोहन भंडारी निर्वाचित हुए हैं और अब वे प्रतिनिधि सभा में बालेन शाह की सरकार में क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करेंगे।