एन आई एन
पिथौरागढ़। टनकपुर पिथौरागढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग में गुरना से लगभग 100 मीटर आगे एक टिप्पर खाई में गिरकर पेड़ पर अटक गया। हादसे में वाहन चालक की मौके पर ही मौत हो गई।
मिली जानकारी के अनुसार वाहन चालक 48 वर्षिय केशव पुत्र धौल सिंह, बिनिया गांव ढुंगातोली पिथौरागढ़ निवासी टिप्पर संख्या UK03CA 0691 चला रहे थे। वाहन कब दुर्घटनाग्रस्त हुआ, इसका सटीक समय पता नहीं चल पाया है।

सुबह लगभग 7:19 बजे जब स्थानीय ग्रामीणों ने खाई में गिरे टिप्पर को देखा तो इसकी सूचना ग्राम प्रधान गुरना उषा तिवारी को दी गई। इसके बाद प्रधान द्वारा एचोली और घाट पुलिस व एसडीआरएफ को सूचना दी गई।
सूचना मिलने पर एसडीआरएफ टीम के एसआई सुनील चंद व वरिष्ठ उप निरीक्षक कमलेश जोशी जवानों के साथ मौके पर पहुंचे। टीम ने खाई में उतरकर वाहन तक पहुंचकर चालक की तलाश की। इस दौरान टिप्पर में सवार चालक केशव सिंह बोरा मृत अवस्था में मिले।
एसडीआरएफ टीम ने शव को बाहर निकालकर आगे की कार्रवाई के लिए भेज दिया है। बताया जा रहा है कि वाहन में उस समय केवल चालक ही सवार था। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भिजवा दिया है तथा दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।