एन आई एन
पिथौरागढ़। भारत-तिब्बत सीमा पुलिस बल (आईटीबीपी) की 14वीं वाहिनी (पिथौरागढ़) द्वारा सीमांत क्षेत्रों में तैनात जवानों के मानसिक स्वास्थ्य और मनोबल को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से सराहनीय पहल की जा रही है। चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में बढ़ते मानसिक एवं भावनात्मक दबाव को ध्यान में रखते हुए नियमित रूप से ‘सामूहिक चौपाल’ का आयोजन किया जा रहा है, जहां जवान अपनी व्यक्तिगत और पेशेवर समस्याएं खुलकर साझा कर सकते हैं।
सेनानी राम भरत सिंह कुशवाहा के नेतृत्व में आयोजित इन कार्यक्रमों के माध्यम से जवानों को सकारात्मक मार्गदर्शन दिया जा रहा है, जिससे उनमें आत्मविश्वास और कर्तव्यनिष्ठा का संचार हो रहा है।
इसके अलावा, अधिकारियों और जवानों के बीच सौहार्द बढ़ाने के लिए मैत्री क्रिकेट मैच, सामूहिक भोजन और प्रत्येक माह ‘सामूहिक जन्मदिन’ समारोह जैसे आयोजन भी किए जा रहे हैं। दूरस्थ चौकियों पर तैनात कर्मियों को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से जोड़ा जाता है।
यह पहल सीमांत क्षेत्रों में तैनात जवानों के मनोबल, आत्मविश्वास और संगठनात्मक एकजुटता को मजबूत करने की दिशा में एक प्रेरणादायक कदम मानी जा रही है।