28-Feb-2026

एन आई एन

केंद्रीय राज्य मंत्री अजय टम्टा ने पिथौरागढ़ पहुंचकर कहा है कि पर्यावरण बटालियन को जिले से स्थानांतरित किए जाने के मामले में शीघ्र ही सक्षम स्तर पर वार्ता कर समाधान निकाला जाएगा। शनिवार को पिथौरागढ़ में मीडिया से बातचीत करते हुए उन्होंने स्पष्ट किया कि पर्यावरण बटालियन को समाप्त नहीं किया गया है, बल्कि इसे मर्च किया गया है। इसके पीछे क्या कारण रहे, इसकी जानकारी ली जाएगी।

चार दिवसीय भ्रमण पर पिथौरागढ़ पहुंचे केंद्रीय मंत्री ने बताया कि 8 तारीख से शुरू होने वाले संसदीय सत्र के दौरान वह केंद्रीय पर्यटन मंत्री और केंद्रीय रक्षा मंत्री से मुलाकात कर इस विषय पर चर्चा करेंगे। उन्होंने कहा कि इस मुद्दे को गंभीरता से लिया जा रहा है और संबंधित मंत्रालयों के साथ समन्वय स्थापित कर उचित समाधान की दिशा में प्रयास किए जाएंगे।

मंत्री टम्टा ने पर्यावरण बटालियन में कार्यरत लगभग 450 कर्मचारियों की व्यथा को भी सुना और भरोसा दिलाया कि उनके हितों की अनदेखी नहीं होने दी जाएगी। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों की समस्याओं को केंद्र सरकार के समक्ष मजबूती से रखा जाएगा।

इससे पहले आज भाजपा कार्यालय में पूर्व सैनिकों ने इस संबंध का मांग पत्र केंद्रीय मंत्री को सौपा। पत्रकार वार्ता में विधायक बिशन सिंह चुफाल, भाजपा जिलाध्यक्ष गिरीश जोशी,  जिला पंचायत अध्यक्ष जितेंद्र प्रसाद, पूर्व जिलाध्यक्ष विरेंद्र बल्दिया, पूर्व पालिकाध्यक्ष जगत सिंह खाती आदि मौजूद रहे।



Share on Facebook Share on WhatsApp