एन आई एन
पिथौरागढ़। जिलाधिकारी आशीष कुमार भटगाई की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में मंगलवार को जिला खनिज न्यास समिति की बैठक हुई। बैठक में जिसमें वित्तीय वर्ष 2018-19 से 2025-26 तक स्वीकृत योजनाओं और धनराशि की प्रगति की समीक्षा की गई।
डीएम ने खनन प्रभावित क्षेत्रों में पेयजल, स्वास्थ्य, शिक्षा, शौचालय निर्माण, महिला एवं बाल कल्याण, कौशल विकास, स्वच्छता, आवास, सिंचाई, ऊर्जा एवं पर्यावरण सुधार से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर समय पर पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि न्यास का उद्देश्य खनन के दुष्प्रभावों को कम करते हुए प्रभावित क्षेत्रों का समग्र और सतत विकास सुनिश्चित करना है।
बैठक में लंबित द्वितीय किस्तों की शीघ्र अवमुक्ति और स्वीकृत योजनाओं को गुणवत्ता के साथ पूरा करने पर भी जोर दिया गया। विभिन्न तहसीलों के अधिसूचित खनन प्रभावित गांवों में चल रहे कार्यों की समीक्षा की गई।
बैठक में अपर जिलाधिकारी योगेंद्र सिंह सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।