22-Feb-2026

पिथौरागढ़ में रविवार शाम एक भीषण सड़क हादसे में नगर के एक दंपति की दर्दनाक मौत हो गई। 112 पर मिली सूचना के अनुसार मटेला बैंड से करीब एक किलोमीटर आगे शहीद द्वार के पास एक कार अचानक अनियंत्रित होकर लगभग ढाई सौ मीटर गहरी खाई में जा गिरी। सूचना मिलते ही 108 एंबुलेंस, चौकी घाट पुलिस मौके पर रवाना हुई। साथ ही कोतवाली पिथौरागढ़, आपदा कंट्रोल और एसडीआरएफ को भी अवगत कराया गया। मौके पर पहुंचे घाट चौकी प्रभारी जितेंद्र सोराड़ी ने बताया कि वाहन संख्या UK06AZ8788 खाई में गिरा हुआ मिला, जिसमें दो लोग थे। एसडीआरएफ टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद दोनों को बाहर निकाल कर सड़क तक पहुंचाया। पुलिस द्वारा अग्रिम कार्रवाई की जा रही है और शवों को जिला मुख्यालय भेजने की प्रक्रिया जारी है।

मृतकों की पहचान 38 वर्षीय योगेश कुमार पुत्र जीवन राम, निवासी बजेठी, और उनकी पत्नी 34 वर्षीय निधि आर्या के रूप में हुई है। योगेश कुमार लोक निर्माण विभाग टकाना पिथौरागढ़ में बड़े बाबू के पद पर कार्यरत थे। उनकी पत्नी रानीखेत में सरकारी सेवारत थी, बताया जा रहा है कि दंपति गंगोलीहाट में अपने चाचा के साले के लड़के की बारात में शामिल होने गए थे। बारात लोहाघाट पहुंचने के बाद वे सीधे पिथौरागढ़ लौट रहे थे। शाम करीब 6 बजे के आसपास वाहन असंतुलित होकर खाई में गिर गया, जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।

हादसे की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। घर पर वृद्ध मां जानकी देवी (65 वर्ष) का रो-रोकर बुरा हाल है। बताया जा रहा है कि परिवार में उनकी बहन भी बारात में जाने वाली थी उनका फिलहाल पता नहीं चल पाया है। दुर्घटना के बाद पूरे बजेठी गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच में जुटी है।



Share on Facebook Share on WhatsApp