21-Feb-2026

एन आई एन 

मुनस्यारी क्षेत्र में शनिवार शाम एक दर्दनाक हादसे में 29 वर्षीय युवक की मौत हो गई। जानकारी के अनुसार थल–मुनस्यारी सड़क पर बेटूली धार के समीप डोर निवासी रमेश राम पुत्र पुष्कर राम बकरी चूगान के लिए गए हुए थे। इसी दौरान बर्फ में पैर फिसलने से वह करीब 300 मीटर गहरी खाई में जा गिरे, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस कोतवाल अनिल आर्या के नेतृत्व में पुलिस टीम और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। कड़ी मशक्कत के बाद युवक को खाई से निकालकर मुख्य सड़क तक लाया गया। इसके बाद 108 एंबुलेंस की सहायता से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मुनस्यारी पहुंचाया गया, जहां चिकित्सक डॉ. राशिद, डॉ. नीरज और डॉ. नलिनी ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

फिलहाल मृतक के परिजनों का इंतजार किया जा रहा है। परिजनों के पहुंचने के बाद पंचनामा और पोस्टमार्टम की कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद क्षेत्र में शोक की लहर है।



Share on Facebook Share on WhatsApp