21-Feb-2026

मशीन की चपेट में आने की आशंका

एन आई एन

पिथौरागढ़। तवाघाट-लिपुलेख मार्ग पर उच्च हिमालय क्षेत्र में नपलच्यु के पास खलंगा सीती क्षेत्र में एक गुलदार मृत अवस्था में पड़ा मिला है। उच्च हिमालय से लौट रहे ग्रामीणों ने गुलदार को देखा और इसकी सूचना दी।

प्राथमिक जानकारी के अनुसार आशंका जताई जा रही है कि सड़क निर्माण कार्य के दौरान किसी मशीन की चपेट में आने से गुलदार की मौत हुई होगी। हालांकि, अभी तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है। ग्रामीणों के अनुसार बुधवार को गुलदार मृत हालत में देखा गया था, लेकिन समाचार लिखे जाने तक वन विभाग की टीम मौके पर नहीं पहुंची थी।

यह भी स्पष्ट नहीं हो पाया है कि मृत वन्यजीव हिमतेंदुवा है या सामान्य गुलदार। इस क्षेत्र में हिमतेंदुवा और सामान्य गुलदार दोनों पाए जाते हैं। फोटो के आधार पर इसे सामान्य गुलदार बताया जा रहा है। स्थानीय लोगों का अनुमान है कि मृत गुलदार की उम्र लगभग तीन से चार वर्ष के बीच हो सकती है।

मामले की पुष्टि और मौत के सही कारणों का पता वन विभाग की जांच और पोस्टमार्टम के बाद ही चल पाएगा।



Share on Facebook Share on WhatsApp