एन आई एन,

पिथौरागढ़। जिला मुख्यालय से करीब 15 किमी दूर मड़ेगांव निवासी 44 वर्षीय महिला  14 वर्षीय बेटे की मौत का सदमा नहीं सह सकी और सरयू नदी में छलांग लगाकर जान दे दी। घटना से क्षेत्र में शोक की लहर है।

शनिवार सुबह मड़ेगांव निवासी 14 वर्षीय जतिन जोशी पुत्र कैलाश चंद्र जोशी झौलखेत मैदान में दौड़ रहा था। घर लौटते समय वह सड़क किनारे बेहोशी की हालत में मिला। पीछे से आ रहे अन्य बच्चों ने मां को इसकी सूचना दी। मां पूनम जोशी उर्फ पुष्पा टैक्सी से बेटे को जिला अस्पताल लेकर पहुंची, जहां इमरजेंसी मेडिकल ऑफिसर डॉ. राहुल प्रधान ने उसे मृत घोषित कर दिया।

बेटे की मौत से आहत पुष्पा अस्पताल से मुंह ढककर बाहर निकली और देवसिंह मैदान स्थित पार्किंग से गंगोलीहाट जाने वाली टैक्सी में बैठ गई। घाट पुल से करीब 100 मीटर आगे टैक्सी चालक अर्जुन बल्दिया ने श्याम सिंह के होटल से सामान खरीदने के लिए गाड़ी खड़ी की, इसी दौरान महिला ने इधर-उधर घूमते हुए सरयू नदी में छलांग लगा दी, छलांग लगाते हुए देख होटल स्वामी और चालक ने भी महिला को बचाने के लिए नदी में छलांग लगा दी, और उसे किनारे तक लेकर आए, तब तक महिला की मौत हो चुकी थी, सूचना पर घाट पुलिस मौके पर पहुंची, कुछ देर बाद पहुंची एसडीआरएफ की टीम ने शव को मुख्य सड़क तक पहुंचाया, जहां से 108 एंबुलेंस के माध्यम से जिला अस्पताल स्थित पोस्टमार्टम हाउस लाया गया।

कोतवाल ललित मोहन जोशी ने बताया कि महिला के शव को नदी से बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

बताया गया है कि पुष्पा जोशी के पति आसम राइफल की एक बटालियन में त्रिपुरा में तैनात हैं। उनकी बड़ी बेटी मध्य प्रदेश में नौकरी करती है, जबकि छोटी बेटी का करीब एक वर्ष पूर्व बीमारी के चलते निधन हो गया था। बताया गया है कि महिला काफी हंसमुख और मिलनसार थी क्षेत्र में होने वाले हर सुख दुख के कार्यों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेती थी। एक साथ मां बेटे के निधन से पूरे जिले में शोक की लहर है, पोस्टमार्टम हाउस के बाहर ग्रामीणों की भीड़ लगी है। हर व्यक्ति इस घटना के बाद स्तब्ध है, बेटे के निधन की  जानकारी पति व बड़ी बेटी को दे दी गई है। जबकि मां के निधन की जानकारी अभी तक उनको नहीं दी गई है। परिवार मूल रूप से वड्डा से लगे रियासी ग्राम सभा के मड़े़ गांव का रहने वाला है।  जतिन नगर के मानस स्कूल में कक्षा 9 का छात्र था सूचना मिलने के बाद मानस स्कूल में भी शोकसभा आयोजित की गई।







Share on Facebook Share on WhatsApp