पिथौरागढ़ नगर के पुलिस लाइन क्षेत्र में सोमवार शाम एक दर्दनाक हादसा हो गया। हाल निवासी पुलिस लाइन व मूल निवासी दिग्तोली 29 वर्षीय अनुराधा गंभीर रूप से झुलस गईं। घटना शाम करीब 6 बजे की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार अनुराधा परिवार के साथ हाल ही में किराए के नए मकान में शिफ्ट हुई थीं। मकान की छत के पास से विद्युत विभाग की लाइन गुजर रही है। बताया जा रहा है कि डिस की एक केबल नीचे लटक रही थी, जिसे अनुराधा डंडे से ठीक करने का प्रयास कर रही थीं। इसी दौरान अचानक करंट ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया और वह बुरी तरह झुलस गईं। परिजनों और आसपास के लोगों ने तुरंत उन्हें निजी वाहन से जिला अस्पताल पहुंचाया। इमरजेंसी ड्यूटी पर तैनात डॉक्टरों के अनुसार महिला के दोनों हाथ गंभीर रूप से जल चुके हैं और उनका उपचार किया जा रहा है।
बताया गया है कि विद्युत तार मकान से मात्र एक से डेढ़ मीटर की दूरी पर था, जिससे खतरा बना हुआ था। अनुराधा के पति नीरज कुमार गुजरात में प्राइवेट नौकरी करते हैं। बच्चों की पढ़ाई के लिए अनुराधा नगर में किराए के मकान में रह रही थीं। संयोग से पति इन दिनों घर आए हुए हैं। घटना के बाद क्षेत्र में आक्रोश है। स्थानीय लोगों ने विद्युत विभाग की लापरवाही पर सवाल उठाते हुए पीड़ित परिवार को मुआवजा देने और बिजली लाइन को सुरक्षित दूरी पर शिफ्ट करने की मांग की है। फिलहाल इस संबंध में विद्युत विभाग के अधिकारियों को औपचारिक सूचना दिए जाने की बात सामने नहीं आई है।