एन आई एन
पिथौरागढ़। लोक निर्माण विभाग प्रदेश कार्यकारिणी के आह्वान पर मिनिस्ट्रीयल कर्मचारियों का पूर्ण कार्यबहिष्कार मंगलवार को भी जारी रहा। हड़ताल के चलते विभागीय कार्य पूरी तरह प्रभावित हो गए हैं, जिससे ठेकेदारों और आम जनता को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
बेरीनाग खंड में मिनिस्ट्रीयल एसोसिएशन की हड़ताल पांचवें दिन भी जारी रही। कर्मचारियों के कार्यबहिष्कार के चलते शासकीय कार्य भी नहीं हो पा रहा है। फाइलों के लंबित रहने से भुगतान, निविदा प्रक्रिया और अन्य प्रशासनिक कार्य बाधित हो गए हैं, जिससे ठेकेदारों के सामने आर्थिक संकट की स्थिति पैदा होने लगी है।
स्थानीय लोगों के जरूरी कार्य भी अटके हैं, जिससे जनसुविधाओं पर असर पड़ रहा है। धरना स्थल पर एसोसिएशन के जनपदीय अध्यक्ष चन्द्र सिंह रौतेला, मनोज वर्मा, किशन कार्की, राकेश बिष्ट, चंदन सिंह, भीम सिंह, केशर सिंह धामी, डिगंबर सिंह, मोहन सिंह और नीतू पंत समेत अन्य कर्मचारी डटे रहे।