06-Feb-2026

एन आई एन

पिथौरागढ़ जिले में बलुवाकोट  नया बस्ती क्षेत्र में शुक्रवार शाम 3:45 बजे एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। स्विफ्ट डिजायर और बोलेरो वाहन की आमने सामने जबरदस्त भिड़ंत हो गई। भिड़ंत में स्विफ्ट चालक की मौके पर ही हालत गंभीर हो गई, जिसे अस्पताल ले जाने पर मृत घोषित कर दिया गया।

हादसे में स्विफ्ट डिजायर UK04 AE 0164 चला रहे 55 वर्षीय मनोज कुमार पैंतौला पुत्र स्वर्गीय हरि नारायण पैंतौला, मेन बाजार बलुवाकोट की मौत हो गई। बताया गया कि मनोज कुमार हाल ही में एसएसबी से सेवानिवृत्त हुए थे, उनकी दो बेटियों की शादी हो चुकी है और एकलौते बेटे का कुछ समय पहले दिल्ली में हुई दुर्घटना में निधन हो चुका है उनकी बलुवाकोट में तीन दुकानें हैं। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार बोलेरो वाहन धारचूला से बलुवाकोट की ओर जबकि स्विफ्ट डिजायर बलुवाकोट से धारचूला आ रही थी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि स्विफ्ट चालक की जांघ में स्टीयरिंग टूटकर घुस गई, जिससे अंदरूनी अंगों को गंभीर नुकसान पहुंचा और अत्यधिक रक्तस्राव हो गया। हादसे के बाद मनोज कुमार को 112 एंबुलेंस की मदद से तत्काल धारचूला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतक का शव मोर्चरी में रखवाया गया है, जहां उनके भाई भी मौजूद हैं। बोलेरो चालक पीयूष गर्ब्याल, निवासी गर्ब्याल खेड़ा को हल्की चोटे आई है उन्हें सुरक्षा की दृष्टि से कोतवाली में बैठाया गया है। पुलिस ने बताया बोलेरो में एयरबैग खुलने के कारण चालक को ज्यादा चोटें नहीं आई हैं। सूचना मिलने पर बलुवाकोट पुलिस मौके पर पहुंची। एएसआई पूरन सिंह धामी, कांस्टेबल नरेंद्र सिंह बिष्ट तथा चालक सुनील कुमार ने त्वरित कार्रवाई करते हुए यातायात व्यवस्था को सुचारु कराया। राहत एवं यातायात व्यवस्था में स्थानीय लोगों और एसएसबी के जवानों ने भी सहयोग किया। इस संबंध में धारचूला के प्रभारी निरीक्षक हरेंद्र सिंह नेगी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है।



Share on Facebook Share on WhatsApp