03-Feb-2026

6 टीमें चला रहीं सर्च अभियान

एनआईएन

रुद्रप्रयाग। जिले के अगस्त्यमुनि विकासखंड अंतर्गत न्याय पंचायत सारी के सिंद्रवाणी गांव में गुलदार द्वारा एक 5 वर्षीय बालक को घर के आंगन से उठाकर ले जाने की दुखद घटना सामने आई है। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल बना हुआ है। जानकारी के अनुसार घटना शाम करीब 5 बजे की है, जब गुलदार बालक दक्ष को आंगन के कोने में बने शौचालय के पास से उठा ले गया। बच्चे की मां की चीख-पुकार सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक गुलदार बच्चे को जंगल की ओर ले जा चुका था। ग्रामीणों द्वारा काफी खोजबीन की गई, लेकिन बच्चे का कोई सुराग नहीं लग सका। सूचना मिलते ही जिला प्रशासन, वन विभाग, पुलिस एवं डीडीआरएफ हरकत में आ गए। घटनास्थल पर कुल 6 टीमें सर्च अभियान में जुटी हैं, जिनमें वन विभाग के 20 कर्मी, डीडीआरएफ के 9 जवान और जिला प्रशासन के 5 कर्मी शामिल हैं। सर्च ऑपरेशन आधुनिक उपकरणों के साथ लगातार जारी है।

जिलाधिकारी प्रतीक जैन के निर्देश पर एसडीएम रुद्रप्रयाग सोहन सिंह सैनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। अगस्त्यमुनि रेंज के एसडीओ वन विभाग देवेंद्र सिंह पुंडीर ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम रवाना कर दी गई थी, फिलहाल सर्च अभियान जारी है और बच्चे के मिलने की कोई सूचना नहीं मिली है।

जिलाधिकारी स्वयं पूरे घटनाक्रम की निगरानी कर रहे हैं और स्थानीय ग्रामीणों से सतर्क रहने की अपील की गई है।



Share on Facebook Share on WhatsApp