एन आई एन
देहरादून। उत्तराखण्ड के ऊँचाई वाले क्षेत्रों में आगामी 24 घंटों के दौरान बर्फबारी और हिमस्खलन की संभावना को देखते हुए प्रशासन ने अलर्ट जारी किया है। डिफेंस जियोइन्फॉर्मेटिक्स रिसर्च एस्टैब्लिशमेंट, चंडीगढ़ द्वारा 3 फरवरी को जारी पूर्वानुमान के अनुसार 3 फरवरी सायं 5 बजे से 4 फरवरी सायं 5 बजे तक हिमस्खलन की आशंका जताई गई है। पूर्वानुमान के तहत उत्तरकाशी, चमोली, रूद्रप्रयाग और पिथौरागढ़ जनपदों को खतरा श्रेणी टू, जबकि बागेश्वर को खतरा श्रेणी वन में रखा गया है। राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र, देहरादून ने संबंधित जिलाधिकारियों को सतर्कता बरतने के निर्देश जारी किए हैं। प्रशासन के अनुसार अधिक बर्फबारी की स्थिति में ऊँचाई वाले क्षेत्रों में हिमस्खलन का खतरा बढ़ सकता है। ऐसे में स्थानीय लोगों और यात्रियों से विशेष सावधानी बरतने की अपील की गई है।
प्रशासन द्वारा जारी सावधानियां दिन और रात मौसम व बर्फबारी की स्थिति पर लगातार नजर रखें, बर्फीले क्षेत्रों में अनावश्यक आवागमन से बचें, घरों, अस्थायी आवासों और गौशालाओं की छतों से समय-समय पर बर्फ हटाते रहें,
पुराने हिमस्खलन संभावित क्षेत्रों में अतिरिक्त सतर्कता बरतें
अधिक बर्फ पड़ने की स्थिति में अस्थायी रूप से निचले क्षेत्रों में चले जाएं। प्रशासन ने सभी संबंधित विभागों को सतर्क रहते हुए संवेदनशील क्षेत्रों में चेतावनी का व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए हैं।