फायर ब्रिगेड पर लगे लापरवाही के आरोप
एन आई एन
चंपावत। जिले के डाडा कुलेठी क्षेत्र में रविवार दोपहर ग्रामीण बसंत रसयारा के दो मंजिला मकान में अचानक भीषण आग लग गई। आग की चपेट में आने से घर में रखा अधिकांश घरेलू सामान, नकदी और गहने जलकर खाक हो गए, जबकि भवन को भी भारी नुकसान पहुंचा है। घटना के समय घर में मौजूद परिजनों ने किसी तरह भागकर अपनी जान बचाई। हालांकि आग से परिवार को भारी आर्थिक क्षति हुई है।
घटना के बाद ग्रामीणों में आक्रोश देखने को मिला। ग्रामीणों ने फायर ब्रिगेड चंपावत पर गंभीर लापरवाही के आरोप लगाए। उनका कहना है कि फायर ब्रिगेड कार्यालय कुलेठी में ही मौजूद है और घटनास्थल से महज 200 मीटर की दूरी पर होने के बावजूद दमकल वाहन को मौके पर पहुंचने में करीब आधा घंटा लग गया। ग्रामीणों का आरोप है कि फायर ब्रिगेड केवल आधा टैंकर पानी लेकर पहुंची, जो कुछ ही देर में समाप्त हो गया। इसके बाद लोहाघाट से फायर ब्रिगेड को बुलाया गया, लेकिन तब तक आग में ग्रामीण का पूरा सामान जलकर राख हो चुका था।