05-Sep-2025

पिथौरागढ़ में सोर घाटी के प्रसिद्ध कुमौड़ गांव की हिलजात्रा आज श्रद्धा और उल्लास के साथ संपन्न हुई। हजारों लोगों ने भगवान शिव का अंश माने जाने वाले बाबा लखिया का आशीर्वाद लिया। प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने वर्चुअल रूप से आयोजन में पहुंचे लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि बाबा लखिया सभी पर अपना आशीर्वाद बनाए रखें। आयोजन की शुरुआत पुतारियों के आयोजन स्थल में पहुंचने से हुई। आयोजन में सैनिक, दूध, दही वाला, किसान, गलियां बेल, हिरण चीत्तल आदि विभिन्न पात्रों के जरिए लोक जनजीवन को दर्शाया गया। भगवान भोलेनाथ के अंश माने जाने वाले बाबा लखिया के मैदान में पहुंचते ही मैदान उल्लास से भर गया। लोगों ने मान मनोव्वल के बाद उन्हें मनाया।

बाबा लखिया ने फूल और अक्षत देकर लोगों को अपना आशीर्वाद दिया। यह आयोजन कृषि पर्व से जुड़ा हुआ माना जाता है। आयोजन सांय 6:30 बजे तक चला। इस दौरान मैदान के आसपास के मकानों में भी भारी भीड़ जमा रही। पुलिस ने सीओ गोविंद बल्लभ जोशी के नेतृत्व में क्षेत्र के हर मकान में एक-एक जवान को खड़ा कर भीड़ को नियंत्रित किया आयोजन में जिलाधिकारी विनोद गोस्वामी, दर्जा मंत्री गणेश भंडारी, दर्जा मंत्री हेमराज बिष्ट, जिला पंचायत अध्यक्ष जितेंद्र प्रसाद, मेयर कल्पना देवलाल, भाजपा जिला अध्यक्ष गिरीश जोशी, महामंत्री राकेश देवलाल, एसडीएम मनजीत सिंह, पूर्व जिला पंचायत उपाध्यक्ष कोमल मेहता, गोपू महर, शमशेर महर, उमेश महर, हेमा महर आदि मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन ललित शौर्य और रेखा जोशी ने संयुक्त रूप से किया।



Share on Facebook Share on WhatsApp