एन आई एन,
पिथौरागढ़। समाजवादी पार्टी यूथ ब्रिगेड के राष्ट्रीय अध्यक्ष अरविंद यादव ने कहा कि गठबंधन नहीं होने पर पार्टी उत्तराखंड की सभी 70 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ेगी। शुक्रवार को पिथौरागढ़ के एक होटल में कार्यकर्ताओं की बैठक में उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के निर्देश पर चुनाव की तैयारियां की जा रही हैं।
पिथौरागढ़ की चारों विधानसभा सीटों पर भी पार्टी ने रणनीति बनानी शुरू कर दी है। उन्होंने भाजपा और कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि राज्य गठन के 26 साल बाद भी युवाओं को रोजगार नहीं मिल रहा है। उन्होंने पिथौरागढ़ हवाई पट्टी और स्टेडियम निर्माण में मुलायम सिंह यादव के योगदान का भी जिक्र किया। बैठक में उक्रांद नेता रमेश बिष्ट ने अपने कई साथियों के साथ समाजवादी पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। इस दौरान पूर्व जिलाध्यक्ष राजीव यादव, मदन सान्याल, नवीन सिंह, अरविंद दिवाकर और दीपक कुमार सहित पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे।