एन आई एन,
पिथौरागढ़। द एशियन एकेडमी सीनियर सेकेंडरी स्कूल में शुक्रवार को करियर काउंसलिंग एवं मार्गदर्शन कार्यक्रम आयोजित किया गया। मुख्य अतिथि 2008 बैच के आईआरएस अधिकारी एवं राष्ट्रीय जल मिशन के निदेशक अशोक बापूजी ने विद्यार्थियों को सिविल सेवा में अपने अनुभव साझा करते हुए अनुशासन, मेहनत और लक्ष्य के प्रति समर्पण का संदेश दिया। उन्होंने जल संरक्षण में युवाओं की भूमिका पर भी प्रकाश डाला।
विशिष्ट अतिथि अधिशासी अभियंता दीपक कुमार ने इंजीनियरिंग एवं तकनीकी क्षेत्र में करियर की संभावनाओं की जानकारी दी। दोनों अतिथियों ने विद्यार्थियों के सवालों के जवाब देकर विषय चयन और समय प्रबंधन के सुझाव दिए। विद्यालय के संस्थापक एवं चेयरमैन महामंडलेश्वर स्वामी डॉ. वीरेंद्रानंद ने अतिथियों का आभार जताया। प्रधानाचार्य एवं शिक्षकों ने अतिथियों को स्मृति चिह्न भेंट किए।